📍 झांसी | संवाददाता

झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब यात्रियों की सुविधा के लिए लगी लिफ्ट अचानक खराब हो गई। घटना के समय लिफ्ट में महिला और बच्चों समेत कुल 6 यात्री सवार थे, जो अंदर फंस गए।

सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन सक्रिय हो गया। लिफ्ट को दोबारा चालू करने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद आरपीएफ (RPF) और तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी यात्रियों को सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर निकलने के बाद सभी यात्रियों का मेडिकल चेकअप कराया गया, जिसमें सभी स्वस्थ पाए गए।


🔧 10-15 मिनट में बच्चों को निकाला गया

रेलवे के पीआरओ एमपी सिंह के अनुसार, दोपहर करीब 12:45 बजे घटना की जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम तुरंत सक्रिय हो गई।
सबसे पहले 10 से 15 मिनट के भीतर दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद बाकी यात्रियों को भी 30 से 40 मिनट के भीतर सुरक्षित निकाल लिया गया।

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) नंदीश शुक्ला, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर अशोक प्रिय गौतम, स्टेशन निदेशक सीमा तिवारी सहित डॉक्टरों, इंजीनियरों और आरपीएफ/जीआरपी की टीम मौके पर मौजूद रही। आपात स्थिति को देखते हुए सेना के जवानों को भी बुलाया गया।


⚠️ बैग की स्ट्रिप फंसने से रुकी लिफ्ट

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक यात्री के बैग की स्ट्रिप लिफ्ट के गेट में फंस गई थी। उसे खींचने की कोशिश में लिफ्ट का सेंसर प्रभावित हो गया, जिससे लिफ्ट अचानक बंद हो गई।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि लिफ्ट का उपयोग करते समय सावधानी बरतें और उसमें किसी भी वस्तु को फंसने न दें।


मेंटेनेंस की कमी से बार-बार खराब होती है लिफ्ट

गौरतलब है कि प्लेटफार्म नंबर 4/5 पर लगी लिफ्ट नियमित मेंटेनेंस के अभाव में अक्सर खराब हो जाती है। स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि इस समस्या पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना हो सकती है।